रांचीः जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। इसे लेकर जेएससीए और जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हैं। सोमवार से मैच के टिकटों की बिक्री शुरू हो रही है। टिकट खिड़की सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुली रहेगी। दर्शकों को टिकट लेने और मैच के दौरान कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए सुरक्षा से लेकर प्रवेश और पेयजल व्यवस्था तक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


पिछली झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के दौरान आयी अव्यवस्थाओं से सबक लेते हुए इस बार व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर रहा है। वहां रात भर पुलिस की तैनाती की गयी है। इधर टिकट लेने के लिए रविवार शाम से ही भीड़ जुटने लगी थी। यहां तक कि लोग रात में रुकने के लिए चादर और कंबल लेकर पहुंचे थे। लेकिन पुलिस ने भीड़ जुटने नहीं दिया, जिससे लोगों को वहां से जाना पड़ा। कई लोग गमछा बिछाकर स्टेडियम के बाहर सोते हुए नजर आए। पुलिस ने रात में लोगों को वहां से हटाया और उन्हें सुबह आने को कहा। इधर, डीसी, एसएसपी समेत वरीय अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण किया और टिकट वितरण को लेकर व्यवस्था जानी।
![]()
टी-20 मैच के टिकट बिक्री के लिए छह काउंटर बनाए गए हैं। चार काउंटर सामान्य दर्शकों के लिए है, जबकि एक काउंटर महिला और एक दिव्यांग दर्शकों के लिए आरक्षित किया गया है। दर्शक डिस्ट्रिक्टडॉटइन और मोबाइल एप से भी टिकट खरीद सकेंगे। एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट दिए जाएंगे। टिकटों की कीमत अलग-अलग श्रेणियों के आधार पर 1600 रुपये से लेकर 18 हजार रुपये तक रखी गई है।

स्टेडियम के विंग ए के लोअर टियर का टिकट 3000 रुपये और अपर टियर का 2000 रुपये होगा। विंग बी के लोअर टियर के लिए 3500 रुपये और अपर टियर के लिए 2500 रुपये निर्धारित किए गए हैं। विंग सी के लोअर और अपर टियर के टिकट क्रमशः 3000 और 2000 रुपये के होंगे। विंग डी के लोअर टियर का टिकट 3000 रुपये, जबकि स्पाइस बॉक्स का टिकट 2500 रुपये रखा गया है।

ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट की कीमत 1600 रुपये होगी।अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस का टिकट 4500 रुपये निर्धारित है। हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं वाली श्रेणियों में प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 18 हजार रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स का 9 हजार, कॉरपोरेट बॉक्स का 8 हजार और कॉरपोरेट लाउंज का 15 हजार रुपये होगा। एमएस धोनी पवेलियन के लग्जरी पार्लर, हॉस्पिटैलिटी के साथ, का टिकट 10 हजार रुपये तथा डोनर्स एन्क्लोजर का टिकट 4 हजार रुपये का है।






