पटनाः केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दो नेता अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह से इनकार कर दिया है। ललन सिंह ने कहा कि वह किसी के झगड़े में नहीं पड़ते हैं। वह विकास के काम में विश्वास रखते हैं। आज तक कभी उन्होंने अपने गांव का झगड़ा भी नहीं सुलझाया। दरअसल, बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच तनातनी खुलकर सामने आ गई है। इसी बीच, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा था कि ललन सिंह इस मामले को देख रहे हैं।
जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने शनिवार को लखीसराय के घोषेठ में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अनंत सिंह और नीरज कुमार का नाम लिए बगैर कहा कि वह किसी के झगड़े के बीच में नहीं पड़ते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर दोनों नेता तैयार हो जाएं, तो वह समझौता करा सकते हैं।

आज तक गांव का झगड़ा नहीं सुलझाया- ललन सिंह
ललन सिंह ने कहा, “आज तक गांव में किसी झगड़ा को प्रोत्साहन नहीं दिया। गांव में बहुत लोग झगड़ते हैं। मेरे पास आते हैं। हम कभी किसी के बीच में नहीं पड़ते हैं। सब लोग हमारे वोटर हैं। हम किसके पक्ष में रहेंगे? आपकी पैरवी कर दें, तो वो भी आएगा और उसकी भी पैरवी करना मेरा फर्ज है।”
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रही लड़ाई के बीच सुलह कराने से ललन सिंह ने किए अपने हाथ खड़े। ललन सिंह ने इशारों में कहा कि हम किसी की लड़ाई में नहीं पड़ते, जब दोनों मिलने के लिए तैयार होंगे...तो हम समझौता करा सकते हैं।
#Bihar #LalanSingh #MLCElection https://t.co/U7bfExuEgE— Live Dainik (@Live_Dainik) October 4, 2026
संजय झा बोले- ललन सिंह को जेडीयू ने दिया टास्क
दो दिन पहले संजय झा ने कहा था कि यह मामला ललन सिंह के क्षेत्र (मुंगेर लोकसभा) से जुड़ा है, इसलिए उन्हें अनंत सिंह और नीरज से बात करने के लिए पार्टी ने अधिकृत किया है। कार्यकारी अध्यक्ष ने दोनों नेताओं के बीच सुलह जल्द होने की संभावना जताई। हालांकि, ललन सिंह की मध्यस्थता से इनकार के बाद अब सुलह पर फिर संशय के बादल छा गए हैं।
एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह और नीरज का विवाद
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। उसमें से पटना स्नातक एमएलसी सीट पर जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का मोकामा विधायक अनंत सिंह खुलकर विरोध कर रहे हैं। अनंत का आरोप है कि विधानसभा चुनावों में नीरज ने उनके खिलाफ साजिश की थी। इसलिए, इस चुनाव में वह उन्हें हराएंगे।जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को फिर से विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया तो अनंत सिंह ने खुलकर बगावत कर दी। मोकामा विधायक जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। अनंत सिंह ने अनुज के नामांकन में रोड शो किया। शनिवार को नवादा में आशीर्वाद यात्रा निकालकर वोट भी मांगे।अनंत और नीरज की आपसी तनातनी से जेडीयू की अतर्कलह जगजाहिर हो गई है। इससे पार्टी की छवि को नुकसान हो रहा है। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।






