लोहरदगा : बारिश के बाद कमजोर हुई कच्ची दीवार किस तरह जानलेवा बन सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना अंतर्गत डोका करमटोली में सामने आया। शुक्रवार को जर्जर मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इसकी चपेट में आने से मजदूरी करने जा रहे अफसर आलम (36) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुरेश्वर भगत के कच्चे मकान की दीवार काफी समय से जर्जर थी। बारिश के कारण उसकी स्थिति और कमजोर हो गई थी। दीवार को गिरने से बचाने के लिए बांस की बल्लियों का सहारा दिया गया था। शुक्रवार को एक जानवर के अचानक दौड़ने के दौरान बांस का सहारा हट गया। इसी वक्त रास्ते से गुजर रहे अफसर आलम के ऊपर पूरी दीवार आ गिरी। मलबे में दबे मजदूर को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीवार गिरने से दबकर मौत होने की बात सामने आई है। मामले में नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






