हजारीबाग सदर अस्पताल में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 28, 2026

हजारीबाग: सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 36 वर्षीय महिला मालती देवी की मौत के बाद सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतका के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाए। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित होकर झंडा चौक को जाम कर दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद लोगों को समझा-बुझाकर सदर थाना लाया गया, जहां मामले को लेकर बातचीत और समझौते की प्रक्रिया चल रही थी। मृतक की पहचान शहर के जयप्रकाश मोहल्ला, कुमार टोली निवासी मालती देवी, पति संजय कुमार चौधरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मालती देवी को 27 सितंबर को अचानक माथे में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद पति संजय कुमार चौधरी उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद दवा लिखी और कुछ दवाएं बाहर से लाने के लिए कहा।

See also  सीतामढ़ी में 11 साल की बच्ची से बीच सड़क पर रेप, आक्रोशित लोगों ने आगजनी कर किया बवाल

202609283957752

पति के अनुसार उन्होंने बाहर से दवा लाकर अस्पताल में दी। संजय कुमार चौधरी ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे पत्नी को इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद कुछ देर के लिए दर्द में कमी हुई, लेकिन बाद में उन्हें उल्टी होने लगी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि सुबह भी नर्स द्वारा मालती देवी को इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद अस्पताल की ओर से उन्हें बताया गया कि उनकी पत्नी की मौत हो गई है।पति का कहना है कि रात में ही उन्हें यह महसूस हो गया था कि उनकी पत्नी की स्थिति बेहद गंभीर है और शायद उनकी मौत हो चुकी है। हालांकि सुबह अस्पताल की ओर से मौत की जानकारी दी गई। इसी बात को लेकर परिजनों में आक्रोश बढ़ गया।

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मालती देवी के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा है। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। महिला की मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी जिम्मेदारी खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

See also  पूर्व मंत्री श्याम रजक की पत्नी का निधन, PMCH में चल रहा था अलका रजक का इलाज

झंडा चौक पर लगाया जाम
महिला की मौत की सूचना आसपास के लोगों को मिली तो बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने आक्रोश जताया और इसके बाद झंडा चौक को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और लोगों को सदर थाना लाया गया।सदर थाना में परिजनों और संबंधित पक्ष के बीच बातचीत चल रही थी। मामले में आगे की कार्रवाई और महिला की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। सदर अस्पताल प्रबंधन का पक्ष तत्काल नहीं मिल सका।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now