जमशेदपुर :बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने फायरिंग की साजिश में शामिल चार आरोपियों को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपु ओझा को छत्तीसगढ़ के रायपुर में टोल प्लाजा के पास पकड़ा। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों की फायरिंग की साजिश में भूमिका सामने आई है। हालांकि, रेस्टोरेंट में पहुंचकर सीधे गोली चलाने वालों में ये चारों शामिल नहीं थे।
ऐसे हत्थे चढ़े आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर शहर से बाहर भाग निकले थे। हालांकि, रास्ते में एक गाड़ी खराब हो गई, जिसके बाद चारों आरोपी दूसरी गाड़ी में सवार होकर रायपुर की ओर बढ़ने लगे। पुलिस को उनकी गतिविधियों की सटीक जानकारी मिलते ही रायपुर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की गई और चारों को दबोच लिया गया। पुलिस अब इनसे कड़ी पूछताछ कर वारदात में प्रयुक्त हथियारों के स्रोत और मुख्य हमलावरों का सुराग जुटा रही है।

बंगाल से छत्तीसगढ़ तक एसआईटी की छापेमारी
घटना के तुरंत बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देशन में एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों के भागने के रास्तों की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान आरोपियों के बंगाल और छत्तीसगढ़ की ओर भागने के इनपुट मिले, जिसके बाद तकनीकी सर्विलांस के आधार पर रायपुर टोल प्लाजा पर यह त्वरित कार्रवाई की गई।
जमीन और रेलवे ठेकेदारी विवाद में हुई फायरिंग
पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के पीछे वर्चस्व, जमीन के कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े पुरानी रंजिश के कोण पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले में घायल डोमनिक सैमसन रेलवे ठेकेदारी से जुड़ा है, जबकि घायल रिजवान जमीन के कारोबार में सक्रिय है। पुलिस इन सभी कड़ियों को जोड़कर साजिश की पूरी गहराई तक पहुंचने में जुटी है।
11 राउंड फायरिंग में घायल हुए थे चार लोग
उल्लेखनीय है कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे उडुपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और अन्य लोग भोजन कर रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। दो बदमाशों ने रेस्टोरेंट के भीतर घुसकर ताबड़तोड़ लगभग 11 राउंड फायरिंग कर दी, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर बाइक पर नजर रखे हुए था।
इस भीषण गोलीबारी में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है। फिलहाल, गिरफ्तार साजिशकर्ताओं से पूछताछ के आधार पर पुलिस उन शूटरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने सीधे तौर पर गोलियां चलाई थीं। शूटरों की गिरफ्तारी अब पुलिस के लिए मुख्य चुनौती बनी हुई है।





