रांचीः बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट को पार कर गया है। इससे असर झारखंड में दिख रहा है। मौसम के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी है। राजधानी रांची में आज सुबह से ही तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 25 सितंबर को झारखंड में भारी बारिश के साथ गरज, वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है।
सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण गुरुवार को झारखंड के कई जिलों में बादल छाये रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई। रांची में नौ मिमी बारिश दर्ज की गयी। राज्य में सबसे अधिक 43.5 मिमी बारिश बहरागोड़ा में हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची समेत अन्य जिलों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है, हालांकि बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश व तेज हवा चल सकती है।

अब भी सामान्य से 05 प्रतिशत कम बारिश
झारखंड में अभी भी सामान्य से पांच प्रतिशत कम बारिश हुई है।झारखंड में एक जून से 24 सितंबर तक सामान्य रूप से 984.7 मिमी बारिश होती है, लेकिन अब तक 935.7 मिमी ही बारिश हुई है। वहीं, रांची में इस अवधि में सामान्य बारिश 1003.2 मिमी है, जबकि अब तक यहां 1127 मिमी बारिश हो चुकी है। यानि 12 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 43 प्रतिशत, सरायकेला में 17, लोहरदगा में तीन, लातेहार में 13 व पूर्वी सिंहभूम में सात प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है। पाकुड़, चतरा, देवघर, गुमला, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, कोडरमा में अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है।
धनबाद में सबसे अधिक 128.6 मिमी वर्षा दर्ज, कमजोर हुआ तूफान
बंगाल की खाड़ी से बने गहरे दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में देखने को मिला। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 128.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद के बाघमारा में दर्ज की गई। राजधानी रांची में भी बारिश का असर रहा।रांची एयरो में 52.6 मिमी, जबकि बीएयू कांके में 102.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नंदीह में 123.6, पुटकी सीडब्ल्यूसी में 118.4, पालगंज में 105, कुकुर में 98.6 और निमडीह में 97.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर सक्रिय है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए शाम तक धीरे-धीरे कमजोर डिप्रेशन में बदल चुका है। इसके बाद अगले 24 घंटे में इसके और कमजोर होने की संभावना है।
25 और 26 सितंबर को भी बारिश के आसार
शुक्रवार को राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं शनिवार को भी राज्य के अनेक हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी।वहीं अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना जताई गई है।






