धनबादः कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में एक बार फिर से भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया है। कतरास थाना क्षेत्र के बीसीसीएल एरिया तीन अंतर्गत छाताबाद ग्राउंड के पास तेज धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई। इसके बाद आसपास के कई घरों में दरारें आ गई। घटना के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने खनन क्षेत्र में जमीन धंसने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित इलाके की जांच कराने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है।
पुराने खनन क्षेत्र में बसी है आबादी


स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह इलाका लंबे समय से खनन गतिविधियों से प्रभावित रहा है। पुराने खनन क्षेत्र के ऊपर आबादी बसने के कारण जमीन धंसने का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का कहना है कि पहले भी इस इलाके में जमीन धंसने की घटनाएं सामने आती रही है।लोगों के मुताबिक, अचानक जमीन में हलचल और धमाके की आवाज से उन्हें किसी बड़ी घटना की आशंका हुई। घटना के बाद लोगों ने पूरे इलाके का जायजा लिया। कई मकानों में दरारें मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से तत्काल जांच की मांग की है।
छाताबाद में तीसरी बार हुई भू-धंसान की घटना
छाताबाद में यह लगातार तीसरी भू-धंसान की घटना है। इससे पहले सात जुलाई और सात अगस्त को भी यहां भू-धंसान हुआ था। दोनों घटनाओं में दर्जनों मकान जमींदोज हो गए थे। पिछली घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित सामुदायिक भवन में शरण ली थी।अब उसी सामुदायिक भवन की जमीन भी भू-धंसान की चपेट में आ गई है।
प्रशासन ने इलाके को घेरा, लोगों को दूर रहने की हिदायत
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू और कतरास थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र को चारों तरफ से फीता लगाकर घेर दिया है। साथ ही लोगों को प्रभावित इलाके से दूर रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



