पलामू : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के हरसईन मोड़ के समीप मंगलवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मेदिनीनगर-पांकी मुख्य मार्ग पर हरसईन मोड़ के पास हुआ। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। मृतक की पहचान राजोगाड़ी निवासी स्व. धर्मवीर तिवारी के पुत्र नीतीश कुमार तिवारी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान हरभोंगा, चैनपुर के चंदन दीक्षित के रूप में हुई है। चंदन की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि दोनों युवक बाइक से मेदिनीनगर-पांकी मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान हरसईन मोड़ के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नीतीश कुमार तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चंदन दीक्षित का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के स्वजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।







