लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र से मोबाइल फोन की किस्त को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल की बकाया EMI नहीं चुकाने पर कुछ लोगों ने एक युवक को उसके घर के बाहर से कथित तौर पर अगवा कर लिया और करीब चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा।
मामला निगोहां क्षेत्र के राजारामखेड़ा गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित युवक की पहचान नेवल कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि मोबाइल की किस्त को लेकर विवाद के बाद कुछ एजेंट उसे 8 सितंबर को उसके घर के दरवाजे से जबरन अपने साथ ले गए।

EMI के लिए खून निकाला
पीड़ित के मुताबिक, मोबाइल खरीदने के करीब दो महीने बाद ही एजेंटों ने उसका फोन अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद बकाया रकम को लेकर उस पर दबाव बनाया गया। आरोप है कि युवक को चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं युवक को ब्लड डोनेशन कराने भी जबरन ले गए और एक यूनिट ब्लड भी निकाल लिया ।
12,500 रुपये की मांग का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे करीब 12,500 रुपये की रकम मांगी। इतना ही नहीं, कथित तौर पर उसे जबरन खून देने के लिए भी मजबूर किया गया। घटना के बाद आरोपी उसे रैपिडो के जरिए उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए।
घर लौटने के बाद पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के आधार पर निगोहां पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ-साथ घटना में शामिल बताए जा रहे लोगों की भूमिका और मोबाइल की EMI वसूली से जुड़े पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




