बोकारोः मंगलवार को सीबीआई ने बोकारो में एक बड़ी कार्रवाई की। सीबीआई ने मेडिकल लीव मंजूर करने के बदले 25 हजार रुपया रिश्वत लेते रेलवे के चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की तैनाती भोजूडीह, आद्रा डिवीजन, दक्षिण पूर्व रेलवे (S.E. Railway), जिला बोकारो में चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर के पद पर थी।
क्या है पूरा मामला
CBI की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी अधिकारी के खिलाफ एक शिकायत मिलने के बाद 15 सितंबर को ही मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मेडिकल लीव की मंजूरी के लिए अधिकारी ने उससे 25 हजार रुपये की अनुचित राशि की मांग की थी।

शिकायत के बाद CBI ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की और रिश्वत लेते अधिकारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीम ने शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपी के पास भेजा।इसी दौरान आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की।रिश्वत की रकम लेते ही CBI की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। सीबीआई ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की है।
कार्यालय और आवास पर भी तलाशी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी अधिकारी के कार्यालय और आवासीय परिसर की तलाशी भी ली।तलाशी के दौरान मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार रेलवे अधिकारी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। CBI ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है।





