दुमका : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चंदनगढ़िया गांव में घरेलू विवाद में पति अर्जुन राय ने 25 वर्षीय पत्नी शनिचरिया देवी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जिसके बाद महिला को पश्विम बंगाल के रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद आरोपित पति गांव छोड़कर भाग गया। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के ही गन्दरकपुर गांव के रहने वाले अर्जुन राय की शादी दो साल पहले चंदन गढ़िया की शनिचरिया देवी से हुई थी। शादी के एक साल बाद ही दोनों में अक्सर घरेलू विवाद होने लगा। पति की हरकत से परेशान होकर शनिचरिया देवी कुछ दिन पहले मायके चंदनगढ़िया गांव आ गई। जहां उसका पति अर्जुन राय भी पहुंच गया। शनिवार दोपहर को शनिचरिया देवी के पिता और भाई किशन राय एक रिश्तेदार के घर चले गए। घर में सिर्फ अर्जुन राय और उसकी पत्नी थी। देर शाम को दोनों में फिर किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अर्जुन राय ने अपनी पत्नी पर घर में रखे पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी । महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने भाई और पिता को इसकी खबर दी।

लोगों ने बताया कि शनिचरिया देवी के शरीर से लपट निकल रही है। इसके बाद पिता और भाई आए और महिला को नजदीक के पश्चिम बंगाल स्थित रामपुरहाट सदर अस्पताल में गंभीरावस्था में भर्ती कराया। करीब दो घंटे तक चले इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। जिसके बाद मृत महिला के भाई किशन राय ने बहन के मौत के लिए पति को जिम्मेदार ठहराते हुए शिकारीपाड़ा थाना पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पति-पत्नी के बीच विवाद होते रहता था और इसी में यह घटना घटी है। भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फरार अर्जुन राय की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।





