रांचीः झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ के 2026-27 की नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव रविवार 13 सितंबर को संपन्न हो गया। रात 8 बजे के करीब घोषित नतीजे में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफजेसीसीआई) के चेंबर चुनाव में टीम तुलसी पटेल को जीत हासिल हुई है।

FJCCI की 21 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में टीम तुलसी समर्थक 13 उम्मीदवारों की जीत हुई है, जबकि टीम मुकेश के 8 उम्मीदवार ही जीत सकें। पूरे चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में लगी पूनम आनंद की टीम P-21 को करारा झटका लगा है और पूनम आनंद समेत उनके समर्थित सभी उम्मीदवार चुनाव हार गए।चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने मतगणना के बाद नतीजे घोषित किये। उन्होंने बताया कि अब विजयी इन्हीं 21 कार्यकारिणी सदस्यों फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर एंड इंडस्ट्रीज के 2026-27 के लिए नए अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष एवं दूसरे पदाधिकारियों का चयन करेंगे।


सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान
रांची के हरमू स्थित मारवाड़ी भवन में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया पूरी की गई। उसके बाद मतों की मतगणना का कार्य शाम 6:30 में शुरू हुआ। कुल 4214 वोटरों में से 2860 मतदाताओं ने अपने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।आखिरकार टीम तुलसी पटेल ने चुनाव में निर्णायक बढ़त के साथ जीत दर्ज की।चैम्बर चुनाव की विशेषता यह भी रही कि टीम मुकेश के मुकेश कुमार अग्रवाल सबसे ज्यादा 1827 वोट पाकर पहले स्थान पर जरूर रहे, उन्ही की टीम के डॉ. अभिषेक कुमार रामदीन भी 1742 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे लेकिन अपने समर्थित ज्यादातर उम्मीदवारों को वह जीत नहीं दिलवा सकें।





