धनबाद : कतरास के बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र के न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में संचालित जीटीए में हाल रोड में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शनिवार सुबह (53 वर्ष) कैलूडीह निवासी मधुसूदन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी खबर मिलते ही आस पास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने हाल रोड को जाम कर ओवी डंपिंग में लगे परिवहन कार्य को ठप कर दिया। इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस व सीआईएसएफ जवान मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था बहाल किया।


मिली जानकारी के अनुसार आउटसोर्सिंग कंपनी के ओबी डंपिंग में लगे भारी वाहन से ही यह दुघर्टना हुई है। स्थानीय लोगों का माने तो मधुसूदन यादव सुबह बाहर मार्निंग वाक कर रहा था तभी वाहन की चपेट में आ गया। वाहन के नीचे कुचलने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर अपनी आपबीती सुनाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, वार्ड नंबर दो के पार्षद मो. शहाबुद्दीन मौके पर पहुंचे और उसके स्वजन को सांत्वना दिया। फिलहाल लोग मौके पर शव के साथ जमे हुए हैं। इधर कोलियरी प्रबंधन व थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंच चुके हैं।






