हजारीबाग: जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में आदिवासी महिला से दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मारपीट में महिला का पैर टूट गया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्त कर लिया है।हालांकि, दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पीड़िता के अनुसार, वह किराए के मकान में रहकर मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करती है। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक भी किराए पर रहते हैं।
महिला की पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उक्त युवक उसके घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के अनुसार, घटना के बाद कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया। घटना के बाद परिजनों ने कटकमदाग थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि फिलहाल दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म के आरोप की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, मामले में तीन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इनमें से दो नामजद आरोपी विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
इधर, पीड़िता के परिजनों ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





