लोहरदगा: सड़क सुरक्षा को लेकर बुधवार को जिले के शंख मोड़ पर उपायुक्त संदीप कुमार मीणा के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग एवं शंख पुलिस पिकेट द्वारा संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान लगभग 100 वाहनों की जांच की गई, जिनमें दोपहिया, चारपहिया तथा बड़े वाणिज्यिक वाहन शामिल थे। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे मोटरसाइकिल चालकों का ऑन-द-स्पॉट चालान काटा गया। वहीं बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 65 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।



इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने के प्रति जागरूक भी किया गया।

अभियान में रोड सेफ्टी टीम, लोहरदगा के सदस्य भी मौजूद रहे। जिला परिवहन पदाधिकारी जया शंखी मुर्मू ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।





