लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहां एक ही गांव की तीन मासूम सहेलियों के साथ सामूहिक रूप से यौन शोषण और दुष्कर्म करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस हैवानियत की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेन्हा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 112/26 में पोक्सो एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। इधर, पीड़िता के स्वजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में स्पष्ट है कि गांव के ही मंजूर अंसारी के पुत्र फहद अंसारी ने इस घिनौने कृत्य को किया है। आरोपित युवक अक्सर तीनों बच्चियों को अकेला पाकर उन्हें बिस्कुट, चॉकलेट और पैसों का लालच देता था। इसके बाद वह उन्हें बहला-फुसलाकर अपने एक पुराने और सूने पड़े मकान में ले जाता था, जहां वह मासूमों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता था।
जान से मारने की धमकी देकर कराया चुप
हैरानी और दुख की बात यह है कि आरोपित फहद अंसारी मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उन्हें लगातार डराता-धमकाता था। उसने तीनों सहेलियों को सख्त हिदायत दी थी कि यदि इस बारे में अपने घर पर किसी को भी कुछ बताया तो वह उन तीनों को जान से मार डालेगा। इसी खौफ की वजह से मासूम बच्चियां कई दिनों तक खामोश रहीं और अंदर ही अंदर इस मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना को झेलती रहीं।

बच्ची को फिर बुलाने पर खुली आरोपित की पोल
इस मामले का खुलासा रविवार को तब खुला, जब आरोपित फहद अंसारी ने एक बार फिर पीड़िता को अपने पुराने घर बुलाने की कोशिश की। आरोपित के लगातार बढ़ते हौसलों और डर से घबराकर उन तीनों बच्चियों में एक मासूम पीड़ित बच्ची ने हिम्मत जुटाई और अपनी मां को रोते हुए आपबीती सुना दी। उसने बताया कि आरोपित न सिर्फ उसके साथ बल्कि उसकी दो अन्य सहेलियों के साथ भी लगातार गलत काम कर रहा है। जैसे ही पीड़िता की मां और स्वजनों को इस दरिंदगी का पता चला, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। ग्रामीणों और स्वजन तुरंत एकजुट होकर सेन्हा थाना पहुंचे और मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सेन्हा थाना पुलिस ने मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए तुरंत प्राथमिकी दर्ज किया। सेन्हा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। साथ ही पीड़िताओं की मेडिकल जांच व न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई। थानेदार ने पीड़ित के स्वजनों और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून पर भरोसा रखने की अपील की।
अपराधी गिरफ्तार, पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने का काम करेगी पुलिस : एसपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। एसपी का कहना है कि आरोपित को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। मामले में पुलिस हर पहलू पर जांच के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से पुलिस सजा दिलाने का प्रयास करेगी।






