पलामू: सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, पंचायत सचिवालयों और अन्य संस्थानों में चोरी करने वाले गिरोह का पलामू पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुइयां (35) और उसके साले जवाड़ निवासी अमोद भुइयां (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के कई सामान बरामद किए गए हैं। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने सोमवार को पुलिस सभागार में पत्रकारों को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवधेश के घर चोरी का सामान रखा है और उसे बेचने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने नामुदाग स्थित उसके घर की घेराबंदी कर तलाशी ली। इस दौरान 13 प्रिंटर, एसर लैपटॉप, एसर ऑल-इन-वन कंप्यूटर, डेल व लेनोवो सीपीयू, मॉनिटर, इन्वर्टर, 200 एएच बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन, लैपटॉप माउस व चार्जर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया। इसके अलावा गैस सिलेंडर, दीवार घड़ी, कुर्सी और तीन मोटरसाइकिल भी मिली हैं।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में अवधेश ने अपने साले अमोद के साथ मिलकर रात में विभिन्न सरकारी संस्थानों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी करने की बात स्वीकार की है। चोरी किए गए कुछ सामान को बेच दिया गया था, जबकि कुछ बिक्री के लिए घर में रखा था। आरोपितों की निशानदेही पर अन्य स्थानों से भी चोरी का सामान बरामद किया गया। पूछताछ में छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय, नौडीहा बाजार स्थित फोटो कॉपी दुकान और नामुदाग हाई स्कूल समेत कई स्थानों पर चोरी करने की जानकारी सामने आई है।

इस मामले में नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 83/2026, दिनांक 30 अगस्त 2026 को बीएनएस की धारा 303(2), 317(2), 317(4) व 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। छापेमारी दल में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी पुुअनि नीरज कुमार, पुुअनि मनोज कुमार सिंह, सअनि राजेश बैठा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




