लोहरदगा : मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ चुके 14 लोगों के लिए मंगलवार का दिन राहत लेकर आया। लोहरदगा पुलिस ने तकनीकी माध्यम से गुम मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें बरामद किया और सत्यापन के बाद वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों के चेहरे खिल उठे।पुलिस की इस पहल से मोबाइल धारकों में भरोसा बढ़ा है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि मोबाइल सुरक्षित रखें और गुम होने की स्थिति में बिना देर किए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।


ऑपरेशन भरोसा से मिली बड़ी सफलता
पुलिस मुख्यालय रांची के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन भरोसा के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से गुम हुए मोबाइल फोन की तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके बाद लगातार प्रयास कर 14 मोबाइल बरामद किए गए। बरामदगी के बाद मोबाइल के आइएमईआइ समेत अन्य विवरणों का सत्यापन कर वास्तविक मालिकों की पहचान की गई।

रियलमी के सबसे ज्यादा पांच फोन बरामद
बरामद मोबाइल में रियलमी के पांच, वनप्लस के तीन, ओप्पो के तीन, आइफोन-13 का एक, वीवो वाई-15 का एक और सैमसंग गैलेक्सी का एक मोबाइल शामिल है। पुलिस ने सभी फोन संबंधित धारकों को सुपुर्द कर दिए।

मोबाइल गुम होते ही CEIR पर करें शिकायत
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक और रजिस्टर कराएं। इससे चोरी या गुम हुए मोबाइल की पहचान और ट्रैकिंग में पुलिस को मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन और उनकी संपत्ति की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।






