डेस्कः सीतामढ़ी के बेलसंड से चिराग पासवान की पार्टी लोजपा(रा.) के विधायक अमित कुमार रानू के घर पुलिस ने रेड की है। पुलिस अमित रानू के मुजफ्फरपुर स्थित घर पर रविवार सुबह 6 बजे पहुंची है।जानकारी के मुताबिक, पुलिस सुबह-सुबह सीतामढ़ी के बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के भाई सोनू सिंह को गिरफ्तार करने के लिए विधायक के घर पहुंची। बताया जा रहा है कि सोनू सिंह पर जमीन विवाद को लेकर दबंगई करने का आरोप है। इस मामले में विधायक के भाई समेत 50 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज है। इसी मामले में मुजफ्फरपुर पुलिस सर्च वारंट लेकर विधायक के घर पहुंची।
जमीन विवाद के बाद दर्ज हुआ था केस
जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद में बाउंड्री तोड़े जाने की घटना सामने आयी थी। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज होने की बात सामने आयी है।
विधायक के भाई पर लगा दबंगई का आरोप
पुलिस को दिये आवेदन में विधायक अमित कुमार रानू के भाई पर जमीन कारोबार में दबंगई करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, विधायक के भाई कुछ अज्ञात युवकों के साथ लोजपा (रा.) का झंडा लगी गाड़ी से मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसके बाद जमीन की बाउंड्री तोड़ी गयी।पीड़ित पक्ष ने पूरी घटना का वीडियो बनाए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कोर्ट से सर्च वारंट लिया। इसी वारंट के आधार पर रविवार सुबह पुलिस टीम विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पहुंची और तलाशी शुरू की।फिलहाल पुलिस की तलाशी में क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। पुलिस की जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
विधायक के भाई की भूमिका की जांच
जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में पुलिस विधायक के भाई समेत अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। तलाशी और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







