पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू और कपिल देव की मुलाकात, क्रिकेट को लेकर हुई लंबी चर्चा, लोहरदगा आने का दिया आश्वासन

Picture of Live Dainik

Live Dainik

August 14, 2026

लोहरदगाः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू की दिल्ली एयरपोर्ट पर भारतीय क्रिकेट टीम के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान कपिल देव से आत्मीय मुलाकात हुई। संयोगवश दोनों दिल्ली से एक ही विमान से रांची पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच भारतीय क्रिकेट, झारखंड में खेलों के विकास तथा लोहरदगा में क्रिकेट की संभावनाओं को लेकर लंबी और सकारात्मक चर्चा हुई।

WhatsApp Image 2026 08 14 at 7.11.31 PM

मुलाकात के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कपिल देव को लोहरदगा के बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और यहां क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले एक बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी कपिल देव को दिया।

कपिल देव ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि अवसर मिलने पर वह निश्चित रूप से लोहरदगा आएंगे। उन्होंने धीरज प्रसाद साहू से कहा कि वह दिल्ली आने पर उनसे अवश्य संपर्क करें, ताकि कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जा सके। उनकी इस सहमति से खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है।पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने मुलाकात को यादगार बताते हुए कहा कि कपिल देव जैसे महान खिलाड़ी से मिलकर पुरानी यादें फिर से ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि करीब चालीस वर्ष पहले रांची में आयोजित डबल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान उन्हें कपिल देव, सचिन तेंदुलकर सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों के साथ समय बिताने का अवसर मिला था। उस दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी से इन खिलाड़ियों को मैदान तक पहुंचाया था। वर्षों बाद हुई यह मुलाकात उन सुनहरे पलों को फिर से जीवंत कर गई।

See also  लोहरदगा DC कुमार ताराचंद के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर बनाया गया फर्जी वॉट्सएप आईडी, लोगों को भेजे जा रहे हैं मैसेज

धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा में क्रिकेट के लिए बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने का प्रयास लगातार जारी है। बीएस कॉलेज का मैदान राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की क्षमता रखता है और भविष्य में यहां बड़े क्रिकेट आयोजन कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि कपिल देव जैसे महान खिलाड़ी का लोहरदगा आगमन निश्चित रूप से यहां के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा और उन्हें आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलेगी।

वहीं, कपिल देव ने भी इस मुलाकात को सुखद बताते हुए कहा कि धीरज प्रसाद साहू से मिलकर उन्हें भी पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि धीरज जी ने लोहरदगा के क्रिकेट मैदान और वहां के खेल वातावरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने मुझे आगामी क्रिकेट टूर्नामेंट में आने का निमंत्रण दिया है, जिसे मैं स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम तय होता है तो वह अवश्य लोहरदगा आने का प्रयास करेंगे।

See also  Sukhdeo Bhagat ने संसद पहुंचते ही उठाया सरना धर्म कोड का मामला, जातिगत कॉलम में सरना धर्म कोड देने की मांग

कपिल देव ने आगे कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि लोहरदगा में पहले भी हरभजन सिंह, सुरेश रैना, आर.पी. सिंह सहित भारतीय क्रिकेट के कई नामचीन खिलाड़ी और फिल्म जगत की प्रसिद्ध हस्तियां आ चुकी हैं। ऐसे आयोजन यह साबित करते हैं कि लोहरदगा खेल गतिविधियों का एक उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि इन बातों को सुनकर उनके मन में भी लोहरदगा आने की उत्सुकता बढ़ गई है और वह वहां के क्रिकेट प्रेमियों से मिलने के लिए उत्साहित हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट से शुरू हुई यह आत्मीय मुलाकात रांची तक जारी रही। दोनों के बीच खेलों के विकास, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और झारखंड में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने को लेकर गंभीर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि यदि कपिल देव का लोहरदगा दौरा तय होता है तो यह जिले के खेल इतिहास का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को देश के महान क्रिकेटरों से सीखने और प्रेरणा लेने का सुनहरा अवसर मिलेगा, वहीं जिले की खेल गतिविधियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

See also  लोहरदगा के 46 स्काउट–गाइड के बच्चे राष्ट्रीय जंबूरी के लिए लखनऊ होंगे रवाना, 23 से 29 नवंबर तक होगा आयोजन
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now