जमशेदपुर। शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। गुरुवार देर रात स्कूटी सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहे फल विक्रेता आबिद हुसैन उर्फ राजा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से आबिद के बाएं हाथ में दो गोलियां लगीं। इनमें एक गोली हाथ को आर-पार कर गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और घायल आबिद को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जांच में फायरिंग की वजह रंगदारी न देना सामने आ रही है।
पीड़ित मो. राजा ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर से महज 20 मीटर दूर सड़क पर खड़े होकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर फायरिंग शुरू कर दी। राजा ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए सड़क पर पड़े ईंट-पत्थर उठाकर बदमाशों पर जवाबी हमला कर दिया। बदमाशों ने खुद को घिरता देख हवाई फायरिंग की और एमजीएम अस्पताल मोड़ की तरफ फरार हो गए।

हाथ में लगी गोली, डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताया
इस हमले में एक गोली राजा के बाएं हाथ में लगी है, जबकि दूसरी गोली उसे छूकर निकल गई। घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। घायल राजा को तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
दो नामजद आरोपियों पर फायरिंग का आरोप
आपको बता दें कि शहर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा की हाईलेवल बैठक के करीब नौ घंटे बाद ही अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया।फायरिंग करने का आरोप साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्माइलु और काशीडीह निवासी कोदू बच्चा पर लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।





