जमशेदपुरः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बिष्टुपुर साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती, नानक नगर निवासी जगराज सिंह के बयान पर यह केस दर्ज किया गया है। इसमें विनय विश्वकर्मा को आरोपी बनाया गया है। एफआईआर के मुताबिक यह घटना 10 अगस्त की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से उनकी भावना को ठेस पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्ट के स्त्रोत और आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।
वहीं धनबाद के झरिया क्षेत्र में फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। इसे लेकर झामुमो नेताओं ने जोड़ापोखर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।झामुमो नेता आशीष सिन्हा और मदन राम के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘झरिया धनबाद ब्लैक डायमंड सिटी’ नामक फेसबुक ग्रुप में विनय विश्वकर्मा नामक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक पोस्ट साझा की है।
झामुमो नेताओं ने कहा कि इस पोस्ट से पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी से पद की गरिमा को ठेस पहुंचती है और आम लोगों की भावनाओं को भी ठेस लगती है।प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से पोस्ट की जांच कर आरोपित के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।







