रांचीः विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में नौ और दस अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया है। राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। दो दिवसीय आयोजन में जतरा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक जनजातीय खान-पान, कला-शिल्प प्रदर्शनी, आदिवासी पुस्तक मेला, 5डी इमर्सिव जोन, ड्रोन शो, वृतचित्र व फिल्म महोत्सव तथा परिधान फैशन शो मुख्य आकर्षण होंगे। इस महोत्सव में देशभर के पांच हजार से ज्यादा कलाकार शामिल होंगे।

खान-पान और पारंपरिक पहनावे के स्टॉल
महोत्सव में आने वाले लोगों को आदिवासी समाज की जीवनशैली को करीब से जानने का मौका मिलेगा। आयोजन स्थल पर पारंपरिक खान-पान और पहनावे से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा हस्तशिल्प और लोक कला से जुड़ी वस्तुओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इन स्टॉल के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों की आदिवासी परंपराओं और खान-पान की विविधता को लोगों के सामने लाने की तैयारी है।
संस्कृति और विरासत का होगा संगम
आदिवासी महोत्सव 2026 सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत, परंपरा और जीवनशैली को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। मोरहाबादी मैदान में चल रही तैयारियों को देखते हुए इस बार का आदिवासी महोत्सव संस्कृति, लोक कला, संगीत, नृत्य और पारंपरिक जीवनशैली का बड़ा संगम बनने जा रहा है।विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ट्रैफिक रूट में बदलाव
आदिवासी महोत्सव को लेकर 9 अगस्त को भव्य जतरा निकाली जायेगी, जो जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास मोड़, गुटका चौक होते हुए बापू वाटिका मोरहाबादी तक जायेगी। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है।
सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक नो-व्हीकल जोन
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि जतरा के दौरान सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका मोरहाबादी तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।






