हजारीबाग: बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा डीह स्थित बंद पड़े गैस प्लांट के पास गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित गुर्गे अंकित कुमार पांडेय ने बड़कागांव पुलिस को धक्का देकर भागने के क्रम में पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बड़कागांव पुलिस ने भाग रहे अंकित कुमार पांडेय के पैर में गोली चलाई। जिससे वह गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। यह घटना शुक्रवार की देर रात की है।उक्त घटना की पुष्टी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने की है। घायल अभियुक्त अंकित कुमार पांडेय को बड़कागांव अस्पताल में प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

पुलिस पूछताछ में प्रिंस खान गिरोह से जुड़ाव का खुलासा
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को 13 माइल के पास ट्रांसपोर्ट रोड में दो हाईवा गाड़ी पर गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों द्वारा गोली कांड किया गया था, जिस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या-133/26 दर्ज किया गया था। इस कांड में संदिग्ध पिपराडीह निवासी अरुण कुमार पांडेय के पुत्र अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए बड़कागांव थाना लाया गया, पूछताछ के क्रम में उसके मोबाइल फोन का जांच किया गया तो, पाया गया कि उसके द्वारा अपने मोबाइल फोन के टेली ग्राम एप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान एवं प्रिंस खान गिरोह (के एस एस .) के सदस्यों के साथ चैट किया गया है। अग्रतर पूछताछ के क्रम में उनके द्वारा अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देशानुसार बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड में दिनांक 25 जुलाई को रात्रि में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोली बारी की घटना को अंजाम दिया गया था। एवं प्रिंस खान (के एस एस ) संगठन के नाम से पर्चा छोड़ने का काम किया गया था। साथ ही इनके द्वारा अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में बताए कि पिपराडीह गांव के नजदीक स्थित बन्द पड़े गैस प्लांट में घटना कारित हथियार एवं बम को छुपाकर रखे हैं, साथ चलने पर बरामद करा सकते है।
पुलिस को धक्का देकर भागने क्रम में अपराधी ने पुलिस पर की फायरिंग
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने यह भी बताया कि अभियुक्त के निशानदेही पर शुक्रवार की देर रात्रि ग्राम पिपराडीह के नजदीक स्थित बन्द पड़े गैस प्लांट के पास हथियार एवं बम के बरामदगी के दौरान अभियुक्त अंकित पाण्डेय द्वारा पुलिस बल के जवान को अचानक धक्का देते बरामद पिस्तौल से पुलिस बल की और लक्षित करते हुए फायर कर दिया गया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस द्वारा अपना बचाव करते हुए आत्मरक्षार्थ फायर किया गया। जिसमें अभियुक्त अंकित कुमार पांडेय के पैर में गोली लग गई, तत्पश्चात वो वहीं गिर गया, जिसे पुलिस बल के द्वारा पकड़ लिया गया और ईलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़कागांव भेजा गया, जिसे वंहा से बेहतर ईलाज हेतु सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।

घटनास्थल में बरामद सामग्रियां
घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल, 7.62 एम एम का एक खोखा, 7.62 एम एम का एक मिस फायर गोली , 7.62 एम एम का एक जिंदा गोली, एक देशी बम तथा चार हस्तलिखित धमकी भरा पर्चा बरामद किया गया।






