लोहरदगा : युवा व्यवसायी शुभम साहू की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या और शहर में डेढ़ घंटे के भीतर लूट के दो प्रयास की घटनाओं ने लोहरदगा में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। व्यापारिक संगठनों से लेकर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों तक ने इसे कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। इसी के विरोध में शनिवार को लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स ने जिला बंद और चक्का जाम का आह्वान किया है, जिसे कई संगठनों का खुला समर्थन मिल गया है। ऐसे में पूरे जिले में बंद का व्यापक असर पड़ने की संभावना है।

अब चुप नहीं बैठेंगे’, चैंबर ने दिया आंदोलन का अल्टीमेटम
लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर स्पष्ट कर दिया कि यदि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। चैंबर अध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि गुरुवार का दिन जिले के इतिहास में काले अध्याय की तरह दर्ज हो गया। पहले अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूट का प्रयास हुआ। इसके बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप को निशाना बनाया गया और अंत में प्रिया स्टोर के संचालक शुभम साहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पहली वारदात के बाद यदि पुलिस ने तत्काल सख्ती दिखाई होती तो अपराधी तीसरी घटना को अंजाम नहीं दे पाते। उनका कहना था कि जिले में अपराध, चोरी, नशाखोरी और सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारी और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रितेश कुमार ने कहा कि चैंबर का आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जिले के हर नागरिक की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी, नियमित पुलिस गश्त और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

लोहरदगा जिला बंद को मिला भाजपा का व्यापक समर्थन
चैंबर के बंद के आह्वान को भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण समर्थन दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि बढ़ते अपराधों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
झारखंड ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने बंद का किया समर्थन
झारखंड ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, लोहरदगा-गुमला-लातेहार इकाई ने भी बंद और चक्का जाम का समर्थन किया है। संगठन के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि अपराधियों के बढ़ते हौसले प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि शुभम साहू की हत्या केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे व्यापारिक समुदाय की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
सेवा भारती ने चैंबर के बंद का दिया साथ
सेवा भारती ने भी बंद का समर्थन करते हुए घटना की कड़ी निंदा की। संगठन के अध्यक्ष दीपक सर्राफ ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

सर्राफा बाजार रहेगा बंद, सुरक्षा की उठी मांग
शहर के सर्राफा व्यवसायियों ने भी शनिवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। खेमराज स्मृति भवन में हुई लोहरदगा जिला सर्राफा एसोसिएशन की आपात बैठक में व्यवसायियों ने बढ़ते अपराध पर गहरी चिंता जताई।बैठक में मांग की गई कि लंबित शस्त्र लाइसेंसों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थायी पुलिस बल तैनात हो, दिन-रात गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच हो तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया कि दुकानों पर विरोध स्वरूप पोस्टर लगाए जाएंगे और जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा संबंधी मांगपत्र सौंपेगा।
भाजपा नेताओं ने सरकार को घेरा
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वर उरांव ने कहा कि एक ही दिन में कई बड़ी आपराधिक घटनाओं और सड़क दुर्घटना में दंपती की मौत ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े अपराधी हथियार लेकर घूम रहे हैं और आम नागरिक भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। राज्य सरकार और प्रशासन को तत्काल प्रभाव से अपराध नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

भाजपा किसान मोर्चा के निवर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जितेंद्र महतो ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रशासनिक विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने मृतक शुभम साहू के स्वजन को 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा दो दिनों के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा किसान मोर्चा समाहरणालय घेराव, धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन जैसे आंदोलन शुरू करेगा।
व्यापारियों में भय, पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
लोहरदगा शहर में गुरुवार की घटनाओं के बाद शहर के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि यदि बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो सामान्य व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होंगी। उनका मानना है कि अपराधियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई ही लोगों का भरोसा बहाल कर सकती है।

बंद पर रहेगी पूरे जिले की नजर
चैंबर ऑफ कामर्स के आह्वान पर शनिवार को प्रस्तावित लोहरदगा बंद और चक्का जाम को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। व्यापारिक संगठनों का दावा है कि बंद को समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है। वहीं लोगों की सबसे बड़ी अपेक्षा यही है कि शुभम साहू हत्याकांड और लूट के प्रयास की घटनाओं में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में लाया जाए, ताकि शहर में सुरक्षा और विश्वास का माहौल फिर से स्थापित हो सके। इधर, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा चुका है, जबकि फोरेंसिक टीम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। कई स्थानों पर छापेमारी भी जारी है। हालांकि अभी तक किसी बड़ी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।






