पटनाः बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे से शुरू हुए वोटिंग में 3,79,616 मतदाता 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस सीट पर मुख्य मुकाबला एनडीए से भाजपा के नीरज सिन्हा, महागठबंधन से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बीच मानी जा रही है। किदवईपुरी में भाजपा और जनसुराज के समर्थक भिड़ गए हैं। भाजपा का आरोप, जनसुराज फर्जी मतदाता ला रहे हैं। जनसुराज का कहना है, भाजपा का आरोप बेबुनियाद। किदवईपुरी स्थित बूथ संख्या 101, 102 और 103 पर मतदान के दौरान अभिषेक कुमार बंटी (पूर्व प्रत्याशी) पर कुछ लोगों के साथ दबंगई दिखाने का लगाया आरोप लगाया गया है। मौके पर अतिरिक्त कार्यकर्ताओं की आवश्यकता होने की बात भी कही गई है।

निर्वाचन क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का कर सकते प्रयोग। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिलाएं और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल। मतदान के लिए 422 केंद्र बनाए गए, जिनमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में वोटिंग हो रही है। इस सीट पर उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण हो रही है। यहां से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी राजनीति में अपना किस्मत आजमा रहे हैं. ऐसे में बांकीपुर पर केवल पटना ही नहीं दिल्ली तक की नजरें टिकी है।
बीजेपी बिहार के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर मतदाताओं के वेरिफिकेशन (EPIC ID और नाम का मिलान) को सख्ती से लागू करने की मांग की है।

पत्र में लिखा है, “हमारे ध्यान में आया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डालकर मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी हरकतें लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों को कमजोर करती हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता के खिलाफ हैं। चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने और मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए, हम चुनाव आयोग और मतदान अधिकारियों से पुरजोर मांग करते हैं कि वे वेरिफिकेशन नियमों को सख्ती से लागू करें। खास तौर पर, हर मतदाता के लिए अपना असली इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC ID) दिखाना और वोट डालने से पहले आधिकारिक वोटर लिस्ट से अपनी पहचान का बारीकी से मिलान करवाना अनिवार्य किया जाना चाहिए…”


