लोहरदगा : जिले के कुडू थाना क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर तेज रफ्तार कार की कहर देखने को मिला। चेटर मोड़ के समीप एक अनियंत्रित कार ने मोपेड सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बुजुर्ग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। जिसकी तलाश में कुडू थाना पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान कैरो थाना क्षेत्र के गुड़ी गांव निवासी शेख सज्जन उर्फ इसराइल अंसारी (65) के रूप में हुई है। वह गांव-गांव घूमकर देशी मुर्गियों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते थे और इसी कारोबार से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। सड़क दुर्घटना में शेख सज्जन की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जाता है कि शेख सज्जन मकांदू और आसपास के गांवों से देशी मुर्गियां खरीदकर मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चेटर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को सामने से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के कारण वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार कार और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।


