DESK: देश में इस्पात उत्पादन और प्लांट की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आज केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्टील प्लांट का दौरा कर विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत भी विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी और केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीनिवास वर्मा भी उपस्थित रहे।सांसद सुखदेव भगत ने प्लांट के विभिन्न विभागों का जायजा लिया और अधिकारियों से उत्पादन, आधुनिकीकरण, कर्मचारियों की सुरक्षा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी ली।

इस अवसर पर सांसद भगत ने कहा कि दुर्गापुर स्टील प्लांट देश की औद्योगिक रीढ़ है। केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को और अधिक मजबूत कर उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्लांट के विस्तार में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिलना चाहिए और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट में नई तकनीक अपनाकर उत्पादन लागत कम की जाए और गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। वहीं राज्य मंत्री श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि इस्पात क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दुर्गापुर जैसे प्लांट की भूमिका महत्वपूर्ण है।निरीक्षण के बाद हुई बैठक में समिति ने प्लांट के आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे और श्रमिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।


