लोहरदगा : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में फुटबाल खेलते हुए घायल हुए 14 वर्षीय सोनू उरांव की शुक्रवार सुबह रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोनू ने आखिरकार दम तोड़ दिया। इस खबर ने लोहरदगा के खेल जगत को झकझोर कर रख दिया। इधर, सोनू का शव शुक्रवार शाम उसके गृह जिला लोहरदगा पहुंचते ही परिजनों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लोगों ने शव के साथ लोहरदगा शहर के बीचोंबीच पावरगंज चौक पर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से जवाब मांगा।

सोनू की असमय मौत ने जिले में खेल आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था और खिलाड़ियों को मिलने वाली आपातकालीन सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब परिजनों और खेल जगत की निगाहें प्रशासन की जांच और सहायता संबंधी कार्रवाई पर टिकी हैं। जिले के कुडू प्रखंड के कड़ाक गांव निवासी सोनू उरांव नदिया हिंदू उच्च विद्यालय के छात्रावास में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। वह फुटबाल का होनहार खिलाड़ी था। 20 नवंबर को नदिया हिंदू उच्च विद्यालय के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेलो इंडिया सेंटर और प्लस टू नदिया उच्च विद्यालय की टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था। इसी दौरान खेल के क्रम में सोनू उरांव और अंशु उरांव आपस में टकराकर मैदान पर गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सदर अस्पताल से रिम्स तक चला इलाज, नहीं बच सकी जान
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। वहां करीब सात दिनों तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल दूसरे खिलाड़ी अंशु उरांव को रिम्स से छुट्टी मिल चुकी है। हालांकि उसकी छह पसलियां फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है और फिलहाल वह घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहा है।

शव पहुंचते ही पावरगंज चौक पर प्रदर्शन
सोनू की मौत की खबर मिलते ही कड़ाक गांव सहित जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में शोक छा गया। शाम को शव लोहरदगा पहुंचने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पावरगंज चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी मिले और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। सड़क जाम के कारण पावरगंज चौक के आसपास आवागमन प्रभावित रहा। राहगीरों को परेशानी हुई, हालांकि प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस के आवागमन को बाधित नहीं किया।

खेल आयोजन की व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के आयोजन की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उनका आरोप था कि मैदान में खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। प्राथमिक उपचार, फर्स्ट एड किट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। आरोप लगाया गया कि हादसे के बाद सोनू को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए उसके साथियों को टेंपो का सहारा लेना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जब बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे, तब आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की व्यवस्था क्यों नहीं थी। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खेल आयोजनों में चिकित्सकीय टीम, प्राथमिक उपचार केंद्र और आपातकालीन परिवहन की अनिवार्य व्यवस्था करने की मांग की।

अधिकारियों ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, एलआरडीसी अंगारनाथ स्वर्णकार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, सदर सीओ रामनारायण खलखो और इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि लोग उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज और सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगु ने भी प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सोनू की मौत बेहद दुखद है। इस क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए।
प्रशासन ने सरकारी सहायता का दिया भरोसा
जिला खेल पदाधिकारी उपवन बाड़ा ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभाग को पत्राचार किया जाएगा। वहीं, उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को नियमानुसार सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।







