डेस्कः झारखंड के गोड्डा जिले में शर्मनाक घटना सामने आई है। सात साल की बच्ची के साथ उसके घर में 13 साल के किशोर द्वारा कथित तौर पर रेप किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गुरुवार को किशोर को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार को उस समय हुई, जब बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ घर पर थी और उसकी मां काम के सिलसिले में बाहर गई हुई थी।
ठाकुरगंगटी थाने के प्रभारी राजन कुमार राम ने कहा कि हमने गुरुवार को आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया। बच्ची की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और उसकी हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
फोन इस्तेमाल करने पर बेटी की हत्या
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक आदिवासी दंपति को मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल और रील बनाने को लेकर अपनी 14 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रवींद्र मुर्मू और उसकी पत्नी सुमनी को गुरुवार को गिरफ्तार किया। इससे करीब दो सप्ताह पहले 13 नवंबर को कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में एक निर्जन खदान से उनकी बेटी का शव बरामद किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि कनकलता मुर्मू की कथित तौर पर 10 नवंबर को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उसके माता-पिता ने शव को निर्जन खदान में फेंक दिया था। आरोपी दंपति ने कथित तौर पर आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली अपनी बेटी के लापता होने का दावा कर ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। घटना का खुलासा 13 नवंबर को शव बरामद होने के बाद हुआ। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी थी।
इस मामले की जानकारी देते हुए कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि दंपति को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। हत्या के कारण के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने बताया कि माता-पिता को अपनी बेटी के मोबाइल फोन पर समय बिताने और रील बनाने पर आपत्ति थी। उन्होंने कथित तौर पर बेटी की डंडे से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अपराध में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।







