पटनाः राजधानी पटना से सटे पुनपुन थाना क्षेत्र के समकूढ़ा गांव में सोमवार को सनसनीखेज घटना सामने आई है। मिट्टी के फूस वाले मकान की खुदाई के दौरान एक के बाद एक 40 सांप निकल आए। विशाल गेहुमन (कोबरा) और दर्जनों सपोलों के निकलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण भयभीत हो गए और मौके पर भीड़ जुट गई।
डर के साए में रहता था परिवार: घर के मालिक शंभू प्रसाद के पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्य इसी मकान में रहते हैं। करीब एक साल पहले उनके 6 वर्षीय बेटे तरुण कुमार को घर में ही विषैले सांप ने डस लिया था। उसे पीएमसीएच पटना में भर्ती कराया गया जहां इलाज के बाद उसकी जान बच सकी। उस समय भी परिवार को मकान के नीचे बड़े सर्प मांद होने की जानकारी नहीं थी।
![]()
23 सपोले मारे गए, फिर निकला विशाल कोबरा: रविवार को घर के अंदर एक-एक कर 23 सपोले निकले, जिन्हें डर के मारे लोगों ने मार दिया। सोमवार को सांप पकड़ने वाले को बुलाया गया। एक कमरे में करीब 3 फीट मिट्टी खोदने पर एक विशाल गेहुमन और 17 सपोले बरामद हुए। सांपों की भारी संख्या देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सपेरा ने पकड़े सांप, कुछ मारे भी गए: कुछ सांपों को डर के कारण मारा गया तो कुछ को सपेरे नगीना ने पकड़ लिया। फिलहाल आसपास के इलाकों में भी सांपों की तलाश की जा रही है। मकान के नीचे बड़े मांद होने की आशंका से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
![]()
थानाध्यक्ष का लोगों को सुझाव: पुनपुन थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि ऐसे मामलों में सांपों को मारने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए। इससे दोनों पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है. ऐसी कोई जानकारी मिलती है तो वन विभाग को सूचना दें।
ग्रामीणों में बनी आशंका का माहौल: शंभू प्रसाद के परिवार समेत पूरे गांव के लोग अब डर के साए में जी रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की नजर गांव पर है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।


