रांची में पुलिस की धौंस दिखा नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर मां और नानी को पीटा, तीन पर केस दर्ज

Picture of Live Dainik

Live Dainik

October 26, 2026

रांची में पुलिस की धौंस दिखा नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर मां और नानी को पीटा, तीन पर केस दर्ज

RANCHI: लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली स्थित हरिजन बस्ती में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक किशोर अपने दोस्तों के साथ कॉलेज और ट्यूशन आने-जाने के दौरान उस पर अश्लील टिप्पणियां करता था।

पुलिस की धौंस दिखाकर परेशान करता था। शनिवार रात करीब आठ बजे लड़की दुकान से लौट रही थी। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई। मामले में लड़की की नानी मालती देवी ने लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लड़की की मां माला देवी ने बताया कि तीन लड़के आए दिन उनकी बेटी पर अश्लील टिप्पणियां करते और छेड़छाड़ करते थे। शनिवार को जब लड़की ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान काम से लौट रही उसकी नानी मालती देवी के साथ भी मारपीट की गई। लड़की ने फोन कर अपनी मां और बहन को बुलाया तो उनको भी पीटा।

See also  मंत्री दीपक बिरूवा के करीबी कारोबारियों के दो ठिकानों पर रेड, जीएसटी इंटेलिजेंस की छापेमारी से मचा हड़कंप

गायब करने की धमकी देने का आरोप

पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी किशोर अक्सर पुलिस लिखी गाड़ी से उनकी बेटी का पीछा करता था। उसे मोरहाबादी ले जाकर गायब करने की धमकी भी देता था। लगातार छेड़छाड़ और धमकियों से लड़की भयभीत थी। घटना के बाद पूरा परिवार सहमा हुआ है। परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं से लड़की की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

आरोपी का पिता पीसीआर-6 का चालक

जानकारी के अनुसार, आरोपी किशोर का पिता प्रकाश राम पीसीआर-6 का चालक है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पिता के पुलिस विभाग में होने की धौंस दिखाकर किशोर इलाके में दबंगई करता है। लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां और नानी थाने आई थीं। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी के पिता को डांट-फटकार लगाई गई है। उससे भी पूछताछ हो रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now