पटनाः राजधानी पटना में अपर थानेदार और ASI को गोली मारने वाला अपराधी एनकाउंटर में ढेर हुआ है। मसौढ़ी में शुक्रवार की शाम किडनैपिंग केस में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मणिचक में पुलिस टीम पर हुई फायरिंग और मुठभेड़ में घायल कुख्यात अपराधी हैदर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथी उसे लेकर विभिन्न अस्पतालों में भटकते रहे, लेकिन अंततः पारस अस्पताल में भर्ती कराने के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पारस अस्पताल पहुंचे। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही हैदर दम तोड़ चुका था, जबकि उसके साथी उसे छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मणिचक में मारपीट और आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची मसौढ़ी थाना की पुलिस टीम पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से हैदर घायल हो गया था।वहीं अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली से मसौढ़ी थाना के अतिरिक्त थानाध्यक्ष राहुल कुमार तथा एएसआई संजय कुमार घायल हो गए थे। राहुल कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि संजय कुमार के हाथ में गोली लगी। दोनों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, गोली लगने के बाद हैदर के साथी उसे लेकर पुनपुन अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पीएमसीएच में भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की गई और एडमिशन रसीद तक कटवा ली गई, लेकिन किसी आशंका के चलते उसके साथी उसे वहां से लेकर चुपचाप निकल गए और पारस अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
हथियारबंद बदमाशों ने युवक को किया था अगवा
दरअसल, में पटना जिले के मसौढ़ी में शुक्रवार शाम एक कार पर सवार होकर आए करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश एक युवक को अगवा कर मणिचक तालाब उतारकर मारपीट करने लगे और जबरन उसे पश्चिम खंधे की ओर ले जाने लगे। इस दौरान स्थानीय मोहल्ले के लोग भी दौड़ पड़े।लोगों को आशंका थी कि कहीं बदमाश उनके ही मोहल्ले के किसी युवक को तो नहीं उठाकर ले जा रहे हैं। ग्रामीणों को अपनी ओर बढ़ता देख बदमाशों ने हथियार लहराते हुए धमकी दी कि जो भी आगे बढ़ेगा, उसे गोली मार दी जाएगी। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मसौढ़ी के संगतपर मोहल्ले का रहने वाला है युवक
गोलीबारी के बीच अगवा युवक अपराधियों के गिरफ्त से किसी तरह निकलकर भागता हुआ पुलिस वाहन तक पहुंच गया और अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।बरामद युवक मसौढ़ी के संगतपर मोहल्ले का रहने वाला है।घटना के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की है, जिसे अपराधियों से जुड़ा मानकर जांच की जा रही है।


