कोडरमा : झारखंड के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र स्थित बराकर नदी के डियर पार्क के समीप तिलैया डैम में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मृतक के दोस्तों के बीच चीख-पुकार मच गई। मृतक की पहचान बिहार के गया जिले के बोधगया निवासी 32 वर्षीय अभियंता अविनाश शर्मा के रूप में हुई है। अविनाश शर्मा अपने छह दोस्तों के साथ तिलैया डैम घूमने आए थे। जहां पर शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ डैम के पानी में नहाने उतरे, जबकि अन्य साथी वाहन के पास ही खड़े थे। नहाने के दौरान अचानक अविनाश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज गहराई और पानी के बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया डैम के ओपी प्रभारी प्रेम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल खोज अभियान शुरू कराया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मृतक के दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।


