गुमलाः भारतमाला परियोजना में सड़क बना रही शिवालया कंपनी के कार्यालय में मजदूरों ने बवाल करते हुए कंपनी के एचआर मैनेजर के साथ मारपीट की है। वहीं मैनेजर को बचाने आये एक अन्य कर्मी से भी हाथापाई की गई। शिवालया कंपनी के कैंप कार्यालय में कुछ युवकों ने बकाया मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर हंगामा किया। युवकों ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष लंबित भुगतान की मांग उठाई, जिससे परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी।मजदूरों ने बकाया मजदूरी भुगतान नहीं होने का आरोप लगाते हुए कंपनी के एचआर मैनेजर और एक अन्य कर्मचारी के साथ मारपीट की। मजदूरों का आरोप है कि नाइट गार्ड समेत कई श्रमिकों की मजदूरी 20 दिनों से लेकर दो माह तक बकाया है।कई बार भुगतान की मांग करने के बावजूद कंपनी के अधिकारी लगातार टालमटोल कर रहे हैं।आरोप यह भी है कि मजदूरी मांगने पर मजदूरों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
मजदूरों ने दी चेतावनी – राशि का भुगतान नहीं…
ग्रामीण गंगा सिंह ने बताया कि लंबे समय से मजदूरों का भुगतान लंबित है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा है और कंपनी प्रबंधन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।


