लोहरदगा : जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने के बाद सेन्हा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव स्थित अखड़ा के समीप दो महिलाएं घर के बाहर बैठकर आपस में बातचीत कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर का ट्रैक्टर का चालक तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए वहां पहुंचा और दोनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि 70 वर्षीय इतवरिया उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी महिला, 50 वर्षीय लछमी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सेन्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में तोड़ार और अरु के बीच उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही सामने आई है। चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


