रांचीः पंजाबी हिंदू बिरादरी, झारखंड के नए अध्यक्ष कुणाल अजमानी चुने गए हैं। रविवार को हुए चुनाव में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी मदन सेन कुजारा को 240 वोटों के अंतर से पराजित किया। ओवरब्रिज के निकट स्थित पंजाबी भवन में हुए मतदान में कुल 953 मतदाताओं में से 701 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान कुणाल अजमानी को 470 मत प्राप्त हुए, जबकि मदन सेन कुजारा को 230 वोट मिले। एक मत को अवैध करार दिया गया।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी एवं बिरादरी के पूर्व अध्यक्ष मुकुल तनेजा ने सह चुनाव पदाधिकारी अमित कुमार की उपस्थिति में चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा की। मतदान और मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया के संचालन में राजीव सहाय और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान दीपक नंदा ने पहला वोट डाला जबकि गगन मल्होत्रा अंतिम मतदाता रहे। आम सभा निर्धारित समय से लगभग आधा घंटा विलंब से शुरू हुई, जिसके कारण मतदान की अवधि भी आधे घंटे के लिए बढ़ानी पड़ी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बिरादरी के सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुणाल अजमानी को बधाई दी। बिरादरी के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को दिशा देगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बिरादरी को नया स्वरूप देने और नई उंचाईयों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकमता होगी। वहीं चुनाव में पराजित मदन सेन कुजारा ने भी मतदातओं के निर्णय का सम्मान करते हुए कुणाल अजमानी को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिरादरी सामाजिक गतिविधियों को और विस्तार देगी तथा बेहतर कार्य करेगी।


