पश्चिमी सिंहभूम: जिले के पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना सोनुवा थाना क्षेत्र के केड़ाबीर इलाके की बतायी जा रही है।जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा सोनुवा और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान केड़ाबीर के पास कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का हार्डकोर नक्सली सलुका के दस्ते से आमना-सामना हो गया। बताया जा रहा है कि सलुका के दस्ते में पांच से छह नक्सली शामिल हैं।मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। रुक-रुक कर चली गोलीबारी में नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से हथियार समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।सूत्रों के मुताबिक, एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा की टीम भी दो से तीन समूहों में बंटकर सारंडा और पोड़ाहाट के जंगलों में छुपा हुई है। इसे देखते हुए सुरक्षा बलों द्वारा पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।मुठभेड़ के बाद जंगल क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है और लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
तड़के साढ़े छह बजे हुई मुठभेड़
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन के जवान पिछले दो दिनों से सोनुवा, गोइलकेरा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सर्च अभियान चला रहे थे। तड़के करीब छह बजे कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। रुक-रुक कर चली गोलीबारी में एक या दो नक्सली मारे गए हैं। सूचना है कि पुलिस ने उसके पास से हथियार समेत अन्य सामान बरामद किया है।
एसपी ने की पुष्टि, हाई अलर्ट जारी
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इलाके में ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षाबलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पूरे सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मिसिर बेसरा के नेतृत्व में सक्रिय नक्सली
सूत्रों के अनुसार इलाके में माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में नक्सली अब भी सक्रिय हैं। हाल ही में गोईलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या के बाद संकेत मिल रहे थे कि नक्सली सारंडा से निकलकर कोल्हान और पोड़ाहाट जंगल में आसपास के इलाकों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं।इसके बाद 29 अप्रैल को सुरक्षा बल के साथ मुठभेड़ में मारे गए 1 लाख के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मार गिराया था। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि नक्सलियों के खिलाफ जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जंगल क्षेत्रों में पुलिस और नक्सलियों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। सुरक्षाबल हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।


