रांचीः नई दिल्ली स्थित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में 13 नवंबर को प्रोन्नति समिति की बैठक हुई। इस बैठक में राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नति के लिए राज्य सरकार ने 12 अधिकारियों के नामों की अनुशंसा की थी।
इन 12 अधिकारियों में से पांच अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नति पर सहमति बन गई है। ये पांच अधिकारी कौन हैं, इसकी अधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। प्रोन्नति समिति की बैठक में शामिल होने के लिए समिति के सदस्य मुख्य सचिव, गृह सचिव व डीजीपी भी दिल्ली गए थे। जिन नामों पर सहमति बनी है, उसकी अधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के सीनियर डीएसपी रैंक के 12 अधिकारियों शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की व हीरालाल रवि के नाम यूपीएससी को भेजते हुए आइपीएस में प्रोन्नति की अनुशंसा की थी।
यूपीएससी बोर्ड ने इन अधिकारियों के दस साल की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट आदि की समीक्षा की। बोर्ड ने अंतिम रूप से पांच अधिकारियों को ही आईपीएस संवर्ग के योग्य पाया और उन्हें प्रोन्नति दी है। उपरोक्त 12 अधिकारियों में अधिकतर का पूर्व में भी आइपीएस में प्रोन्नति के लिए नाम भेजा गया था, लेकिन किसी कारण से उन्हें प्रोन्नति नहीं मिल सकी थी।
वर्तमान में राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत 42 अधिकारी हैं कार्यरत
वर्तमान में झारखंड कैडर में कुल 145 आईपीएस अधिकारी हैं। इनमें राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत अधिकारियों की संख्या 42 है। अब पांच और अधिकारियों के मिलने के बाद आईपीएस संवर्ग में अधिकारियों की संख्या 150 हो जाएगी।
राज्य में आईपीएस संवर्ग में स्वीकृत पदों की संख्या 158 है। इस प्रकार नव प्रोन्नत अधिकारियों के आने के बाद अब केवल आठ पद ही रिक्त रह जाएंगे। हालांकि, आने वाले समय में कई अधिकारियों की सेवानिवृत्ति भी होनी है, जिससे रिक्त पदों की संख्या बढ़ेगी।





