बोकारोः बुधवार देर रात बोकारो में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के अंतर्गत फोरलेन किनारे संचालित एक अवैध डीजल गोदाम में भीषण आग लग गई। फोरलेन के किनारे स्थित एक गोदाम से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, हालांकि गोदाम में भारी मात्रा में डीजल और ज्वलनशील पदार्थ ड्रमों में भरकर रखे गए थे, इसलिए आग तेजी से फैलती गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। आग लगने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह गोदाम काफी समय से अवैध रूप से चलाया जा रहा था। डीजल से भरे ड्रमों में होने वाले धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को तैनात करना पड़ा। अग्निशमन कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, हालांकि कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।





