रांचीः कोकर स्थित खोरहाटोली रोड़ नंबर-1 से लापता 18 महीने की बच्ची अदिति पांडे का शव लापता होने के चाथे दिन बरामद किया गया। रविवार को लापता हुई बच्ची की खोज में पिछले चार दिनों से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को बच्ची की खोज तेज करने का निर्देश दिया था। मंगलवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने बच्ची का शव गाड़ीगांव इलाके के एक बड़े नाले से बरामद किया।इस खबर के फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रांची पुलिस ने सूचना देने पर रखा था 50 हजार का इनाम
बच्ची के लापता होने की सूचना रविवार को परिजनों की ओर से सदर थाने की पुलिस को दी गई थी। मामले की गंभीरता के देखते हुए रांची पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। रांची पुलिस की ओर से बच्ची का सुरान देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई थी।
हादसे की जताई जा रही थी आशंका
इस बीच घर के पास मौजूद बड़े नाले के देखते हुए शुरू से ही हादसे की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों के अलावा NDRF की टीम भी छानबीन में जुटी थी। पुलिस, परिजन और एनडीआरएफ की ओर से सोमवार से ही ड्रोन की मदद से नाले और आसपास के इलाके में बच्ची की तलाश की जा रही थी। वहीं बच्ची की मां मदर्स डे से सदमे में थीं।घर के पास बहने बड़े नाले को देखकर ही अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी और मंगलवार को बच्ची का शव नाले से बरामद किया गया।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
छानबीन के दौरान गाड़ीगांव स्थित नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह पूरी तरह से हादसा था या इसके पीछे कोई और कारण है।


