रांचीः राजधानी रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार का नाम लेकर फर्जी रसूख दिखाते दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। मंगलवार को दो युवक ट्रैफिक नियम तोड़ते पकड़े गए इसके बाद वो राज्यपाल का नाम लेकर धमकाने की कोशिश करने लगे।
दरअसल, ट्रैफिक पुलिस ने सिरमटोली स्थित मुंडा चैक पर एक कार चालक को बिना सीट बेल्ट वाहन चलाते पकड़ा। तभी चालक और उसके साथी का रवैया आक्रामक हो गया। उसने किसी को फोन लगाया और पुलिस को कहा कि लाइन पर राज्यपाल साहब हैं। लेकिन व्हाट्सऐप डीपी में राज्यपाल की तस्वीर देखकर पुलिस को शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर चुटिया थाना पहुंचाया। जहां पूछताछ में दोनों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। बाद में बांड भरवाकर दोनों युवकों को छोड़ दिया गया।



