कोडरमा: आखिर 7 साल के मासूम का क्या गुनाह होगा जिसकी वजह से फूफा ने उसे कुएं में फेंक दिया । दिल दहला देने वाली ये घटना कोडरमा की है । कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के घरबरियाबर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 7 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात बच्चा अपनी मां के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोग घर में घुसे और बच्चे को उठाकर अपने साथ ले गए। बाद में उसकी हत्या कर शव को गांव के एक कुएं में फेंक दिया गया।
सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से बच्चे का शव बाहर निकाला। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए शव को ले जाने से रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों ने घटना को लेकर परिजनों पर ही संदेह जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चे की मां और फूफा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मौके पर एसडीपीओ अनिल कुमार, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। एसडीपीओ अनिल सिंह ने बताया कि पहले बच्चे के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था और अब उसका शव कुएं से बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले का खुलासा लगभग हो चुका है और जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी


