लोहरदगा : लोहरदगा नगर परिषद चुनाव में सोमवार को मतदाताओं ने लोकतंत्र के उत्सव को जम कर मनाया। शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए मतदान में कुल 43070 मतदाताओं में से 69.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 70.31 प्रतिशत रही, जबकि महिला मतदाताओं ने 67.76 प्रतिशत मतदान किया। सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में शुरुआती घंटों से ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं। लोहरदगा के शहरी क्षेत्र में 23 वार्ड के लिए कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदाताओं ने वार्ड के 102 प्रत्याशियों और अध्यक्ष पद के 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला अपने मत से किया। हर वार्ड और अध्यक्ष पद के लिए अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं ने शहर के विकास और सुशासन के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाई। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़ी तैयारी की थी। कुल 549 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिसमें पेट्रोलिंग और जोनल स्तर पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात थे। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रहे।

अंतिम घंटों में बढ़ा मतदान प्रतिशत
लोहरदगा : मतदान प्रक्रिया में गति के आंकड़े बताते हैं कि सुबह नौ बजे तक 11.40 प्रतिशत, 11 बजे तक 24.32 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 38.89 प्रतिशत, तीन बजे तक 52.87 प्रतिशत और शाम पांच बजे तक 69.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत डाले। हालांकि शहर के कुछ संवेदनशील केंद्रों में कतारें लंबी होने के कारण मतदान शाम 7.45 बजे तक जारी रहा, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र थाना टोली और अल्पसंख्यक छात्रावास ईदगाह शामिल थे। यहां पर देर शाम तक मतदाताओं की कतार लगी हुई थी। शाम पां बजे तक जितने भी मतदाता मतदान केंद्र में मौजूद थे, सभी को मतदान का मौका दिया गया।

सांसद, पूर्व रास सदस्य ने किया मतदान
लोहरदगा : चुनाव में कई प्रमुख हस्तियों ने भी भागीदारी दिखाई। सांसद सुखदेव भगत ने अपनी पत्नी पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनुपमा भगत और पुत्र के साथ मतदान किया। वहीं पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने पुत्र हर्षित साहू और पुत्रवधू के साथ अपने मत का प्रयोग किया। उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा और अध्यक्ष पद के सभी दस प्रत्याशियों के अलावे पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष कुमार, क्रिकेट कोच अमित कुमार आदि ने भी समय पर मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

चुनाव कर्मी पूरी तरह सक्रिय रहे
लोहरदगा : मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारी और चुनाव कर्मी पूरी तरह सक्रिय रहे। बुजुर्ग, दिव्यांग और युवा मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने मत का प्रयोग किया। दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और सहायक कर्मियों की व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।


घर से बाहर निकली महिलाएं, किया मतदान
लोहरदगा : नगर निकाय चुनाव के दौरान लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने अलग ही संदेश दिया। सोमवार को सुबह की पहली किरण के साथ ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लग गईं, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या अत्याधिक रही। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच महिलाओं ने मतदान को प्राथमिकता दी और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।दिन चढ़ने के साथ महिलाओं की कतार और लंबी होती गई। कई महिलाएं घंटों इंतजार के बाद मतपत्र के जरिए मतदान करती नजर आईं। शहरी क्षेत्र के लगभग सभी बूथों पर महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

लोहरदगा के 23 वार्ड, 112 प्रत्याशियों का भाग्य दांव पर
नगर परिषद के 23 वार्डों के लिए 102 प्रत्याशी और अध्यक्ष पद के लिए 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 112 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 43070 मतदाता करेंगे। इनमें 21027 पुरुष और 22043 महिला मतदाता शामिल हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी खास रही, जो लोकतांत्रिक सशक्तिकरण का संकेत है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 549 पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीम और जोनल दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति रही। प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के कारण कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

हर चरण में बढ़ता गया मतदान प्रतिशत
सुबह के 9.00 बजे तक 11.40 प्रतिशत, 11:00 बजे तक 24.32 प्रतिशत, दोपहर 1:00 बजे तक 38.89 प्रतिशत, दोपहर 3:00 बजे तक 52.87 प्रतिशत और शाम के 5.00 बजे जिला प्रशासन की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार लोहरदगा शहरी क्षेत्र में आंकड़ा 69.01 प्रतिशत पहुंच गया। मतदाताओं की खामोशी में ही शहर के भविष्य का फैसला छिपा है।

नियंत्रण कक्ष से लगातार अपडेट
लोहरदगा : मतदान प्रक्रिया के दौरान नियंत्रण कक्ष से लगातार अपडेट लिया गया। समाहरणालय सभाकक्ष में बनाए गए जिला निर्वाचन नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और कर्मी मतदान की जानकारी संकलित कर रहे थे। नियंत्रण कक्ष की सक्रिय निगरानी और अधिकारियों की समय-समय पर बूथ निरीक्षण ने यह सुनिश्चित किया कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से संपन्न हो।

अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को
लोहरदगा : लोहरदगा नगर परिषद चुनाव ने लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं की जागरूकता और जिम्मेदारी को प्रदर्शित किया। शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी, प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था ने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब मतपेटियों के खुलने के बाद सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सामने आएगा।






