रांचीः झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस पर वर्ष 2023 के लिए उत्कृष्ट विधायक का सम्मान कांग्रेस विधायक रामचंद्र सिंह को मिलेगा। स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। मनिका के कांग्रेस विधायक रामचंद्र सिंह के अलावा विधानसभा के छह कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कर्मी के रूप में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। समिति की ओर से विधानसभा के उत्कृष्ट पदाधिकारी और कर्मचारी के रूप में भी छह कर्मचारियों का चयन किया गया। इन्हें स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें संयुक्त सचिव मिथिलेश कुमार मिश्र, अवर सचिव विष्णु पासवान, प्रशाखा पदाधिकारी निलेश कुमार सिंह, नियाज अहमद, वरीय सचिवालय सहायक तापस कुमार यादव और अनुसेवक माइक लकड़ा शामिल है। समारोह में नक्सल मुठभेड़ों में शहीद होने वाले जवानों के परिजनों और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार से चंद्रयान मिशन 3 से जुड़े झारखंड के वैज्ञानिक, झारखंड के टॉपर छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।



