रांचीः लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की नृशंस हत्या कर दी गई। रविवार को पार्क में जब लोगों ने शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इसी इलाके के निवासी मधेश्वर सिंह के रूप में की गई है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने रविवार दोपहर डेढ़ बजे शव के साथ रांची के लालपुर चौक को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। देर रात गुलमोहर पार्क के समीप हमलावरों ने मधेश्वर सिंह पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।बीती रात धोबी घाट और गुलमोहर पार्क में पड़ोसियों का विवाद सुलझाने गए मधेशर की हत्या कर दी गई थी। प्रदर्शनकारी सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, क्योंकि पुलिस ने अभी तक केवल दो को ही पकड़ा है।

रांची के खादगढ़ा बस स्टेंड में लगी आग, 6 बसें जलकर हुई खाक, देखिये VIDEO
शव के पोस्टमार्टम के बाद स्थानीय लोगों ने लालपुर चौक पर सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती और निगरानी प्रभावी नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी साक्षी जमुआर के नेतृत्व में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद काफी देर से चला आ रहा सड़क जाम हटाया गया, जिसके बाद लालपुर चौक पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
हेमंत सोरेन ने हेमंता बिस्व सरमा को घर में जाकर दी चुनौती, आदिवासी महासभा में खूब गरजे
पुलिस उपाधीक्षक (शहर) केवी रमन ने बताया, ‘‘दो पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। विवाद की शुरुआत मधेश्वर के बेटे अंकित सिंह और दो भाइयों अमन ओरांव व अनिकेत ओरांव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी से हुई। बाद में विवाद हिंसा में तब्दील हो गया। जब मधेश्वर सिंह ने झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया, तो दोनों भाइयों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। इस दौरान वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।’’उन्होंने बताया कि घायल को तत्काल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।




