धनबाद में दुर्गा पूजा पंडालों का DC और SSP ने किया निरीक्षण, पूजा समितियों को दिए आवश्यक निर्देश

Picture of Live Dainik

Live Dainik

October 1, 2025

धनबाद में दुर्गा पूजा पंडालों का डीसी और एसएसपी ने किया निरीक्षण, पूजा समितियों को दिए आवश्यक निर्देश

धनबादः दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांति, सुव्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। मंगलवार की देर रात उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के प्रमुख क्षेत्रों में भ्रमण कर विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।निरीक्षण अभियान के दौरान अधिकारियों ने लुबी सर्कुलर रोड, स्टील गेट, हाउसिंग कॉलोनी, सिटी सेंटर, बैंक मोड़, पुराना बाजार, जोरा फाटक, मनईटांड, बरमसिया, हिल कॉलोनी, झारखंड मैदान और हीरापुर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा किया। इन क्षेत्रों में स्थापित भव्य पंडालों और मेले की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया गया।

रांची में दुर्गा पूजा की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, SSP राकेश रंजन ने देर रात किया पंडालों का निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसएसपी ने पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंडाल परिसर और आसपास के इलाकों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहें। साथ ही, महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित रहे ताकि महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी तथा बैरिकेडिंग की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं पर जोर
पूजा समितियों से आग्रह किया गया कि वे अग्निशमन उपकरणों को पंडालों में अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखे। डीसी श्री आदित्य रंजन ने साफ कहा कि आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी होनी चाहिए। वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से तुरंत निपटा जा सके।
ट्रैफिक और स्वच्छता व्यवस्था
शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे बैंक मोड़, पुराना बाजार और सिटी सेंटर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से न जूझना पड़े। वहीं, नगर निगम को पंडाल परिसरों और आसपास की सड़कों पर सफाई व कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पूजा समितियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान पूजा समिति पदाधिकारियों के साथ बातचीत कर वरीय अधिकारियों ने उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सभी समितियां प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित सीमा के भीतर ही हो, किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। एसएसपी महोदय ने कहा, “दुर्गा पूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
निरीक्षण अभियान में उपायुक्त और एसएसपी के साथ एसडीएम, सभी डीएसपी, एसडीपीओ समेत सभी वरीय पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रद्धालुओं से अपील
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और धैर्यपूर्वक शांति माहौल में पूजा व मेले का आनंद लें।

See also  धनबाद रिंग रोड़ घोटाला मामले में ACB की रेड, कई अधिकारियों को किया गया गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now