नई दिल्ली। संसद द्वारा वास्तविक धन आधारित ऑनलाइन गेम्स को अवैध घोषित करने वाला कानून पारित होने के कुछ दिनों बाद ही इसका असर भारतीय क्रिकेट पर दिखाई देने लगा है। इस क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ड्रीम11 ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सूचित किया है कि वह अब टीम इंडिया की स्पॉन्सरशिप जारी नहीं रख पाएगी। इसके चलते एशिया कप शुरू होने में महज पखवाड़ा बचा है और बीसीसीआई अब नए स्पॉन्सर की तलाश में है।
ड्रीम 11 ने छोड़ी स्पान्सरशिप
अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के मुताबिक “ड्रीम11 के प्रतिनिधि बीसीसीआई मुख्यालय आए और सीईओ हेमांग अमीन को जानकारी दी कि वे आगे स्पॉन्सरशिप जारी नहीं रख सकते। इसके कारण टीम एशिया कप में बिना ड्रीम11 के स्पॉन्सरशिप के खेलेगी। बीसीसीआई जल्द ही नया टेंडर जारी करेगा।”
ड्रीम 11 पर नहीं लगेगा जुर्माना
ड्रीम11 के इस फैसले पर किसी तरह का जुर्माना नहीं लगेगा। अनुबंध में पहले से ही एक क्लॉज शामिल है, जिसमें कहा गया है कि यदि सरकार द्वारा बनाए गए किसी कानून से स्पॉन्सर के मुख्य व्यवसाय पर असर पड़ता है, तो उन्हें बीसीसीआई को कोई अतिरिक्त राशि चुकाने की बाध्यता नहीं होगी।
इस स्थिति ने भारतीय क्रिकेट को अचानक नए स्पॉन्सर की तलाश में धकेल दिया है, जबकि एशिया कप 2025 के लिए गिनती के ही दिन बचे हैं।




