डेस्कः खूंटी के रनिया थाना क्षेत्र के कोटांगेर में गुरूवार भारी बारिश के बीच मछली पकड़ने गए दो ग्रामीण कोयल नदी में फंस गए। कोटाँगेर गांव निवासी बिरसा लोहरा और बुधवा आइंद पूर्व में लगाए गए मछली जाल को निकालने नदी गए थे। साथ में दो चरवाहे बच्चे भी थे, जो समय रहते स्थिति भांपकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन बिरसा और बुधवा नदी के बीच चट्टान पर फंस गए। बच्चों ने घटना की सूचना गांव में दी, जिससे खबर आग की तरह फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया।
गुरूवार देर रात एनडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। गुरूवार दोपहर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी लेकिन घंटों मशक्त के बाद एनडीआरएफ को सफलता मिली। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को जब कोयल नदी का जलस्तर सामान्य था, तब दोनों ने कोयल नदी में जाल बिछा रखा था। गुरुवार की सुबह तक भी नदी में पानी कम था। इस कारण दोनो जाल और उसमें फंसी मछलियों को निकालने के लिए नदी में उतरे। इसी दौरान अचानक जोरदार आवाज के साथ नदी का जलस्तर बढ़ गया। खतरे को भांपते हुए दोनों ने साहस का परिचय देते हुए नदी के बीच एक उंचे चट्टान पर शरण ली, जिससे उनकी जान बच सकी।
खूंटी के रनिया में भारी बारिश के बीच मछली पकड़ने गए दो लोग कोयल नदी में फंसे, चट्टान पर बैठकर बचाई जान, देर रात किया गया रेस्क्यू#JharkhandNews #jharkhandrain pic.twitter.com/1vxPxsn893
— Live Dainik (@Live_Dainik) June 20, 2025












