रांचीः कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास रौंगटे खड़े कर देनेवाली घटना सामने आयी है। यहां ऑटो चलाने से जब चालक समीर उर्फ सोनू ने इनकार कर दिया, तब मालिक मो असलम को नागवार गुजरा और उसके बेटे ने उस पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। इस घटना के बाद पीड़ित झुलस गया। उसे लोअर बाजार पुलिस ने रिम्स में भर्ती कराया है।
10 साल से चला रहा था ऑटो
इस घटना को लेकर पीड़ित के भाई मो आरिफ उर्फ गुड्डू ने प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया जाता है कि समीर पिछले 10 साल से नामकुम के मो असलम का ऑटो चलाता था। 11 जुलाई को समीर ने असलम के सामने आगे से गाड़ी नहीं चलाने की बात रखी, इसी बात पर असलम आग-बबुला हो गया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के समीप असलम के बेटे मो रूमन और सिंटू मिस्त्री ने समीर पर पेट्रोल डाल माचिस मार दी। इससे हादसे में समीर की दोनों कलाई, बांह, छाती और पेट गंभीर रूप से झुलस गये हैं. पुलिस तलाश में जुट गयी है।


